Chhindwara News: ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुन्नारदेव ने भाजपा की मनमानी और आदिवासी जनप्रतिनिधि के अपमान के खिलाफ जोरदार विरोध जताते हुए ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष अरुण साहू के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर छिंदवाड़ा के नाम ज्ञापन में नगर पालिका द्वारा 13 जनवरी 2025 को आयोजित भूमि पूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में किए गए प्रोटोकॉल उल्लंघन और महात्मा गांधी के नाम के अपमान की कड़ी आलोचना की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम में भाजपा सांसद विवेक बंटी साहू और नगर पालिका अध्यक्ष रमेश सलोड़े को मुख्यअतिथि बनाया गया, जबकि क्षेत्रीय आदिवासी विधायक सुनील उईके को विशिष्ट अतिथि के तौर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष और सभापति के समकक्ष स्थान देकर जानबूझकर अपमानित किया गया। कांग्रेस ने इसे आदिवासी समाज और लोकतांत्रिक परंपराओं का सीधा अपमान करार दिया।
ज्ञापन में आगे बताया गया कि कांग्रेस नीत नगर पालिका द्वारा पास किए गए प्रस्ताव के तहत निर्मित महात्मा गांधी शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का नाम बदलकर “सी-1 कॉम्प्लेक्स” कर दिया गया। इतना ही नहीं, पूर्व में लगाए गए महात्मा गांधी के नाम के शिलालेख को षड्यंत्रपूर्वक हटाकर भाजपा ने राष्ट्रपिता का भी अपमान किया। कांग्रेस ने इसे भाजपा द्वारा जनभावनाओं का अनादर और लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग बताया।
अरुण साहू ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भाजपा न केवल शासकीय कार्यक्रमों का दुरुपयोग कर रही है, बल्कि आदिवासी जनप्रतिनिधियों को अपमानित कर अपने राजनीतिक स्वार्थ को साध रही है। यह न केवल प्रोटोकॉल का उल्लंघन है, बल्कि क्षेत्र की जनता और लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान है।”
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की है कि इस घटना में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।
कार्यक्रम में विधायक सुनील उईके का नाम जानबूझकर निमंत्रण पत्र में नगर पालिका अध्यक्ष के बाद लिखना भी प्रोटोकॉल का घोर उल्लंघन है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे भाजपा के तानाशाही रवैये का प्रतीक बताया और इसे किसी भी हाल में बर्दाश्त न करने की बात कही।
इस मौके पर प्रमुख रूप ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरुण साहू तामिया पर्यवेक्षक घनश्याम तिवारी नगर कांग्रेस अध्यक्ष अरुणेश जायसवाल, उपेंद्र शर्मा सुधीर लदरे शैलेंद्र शर्मा राजेश पाटील अनु अतुलकर शशिकांत मालवीय उस्मान सिद्दीकी यशदीप साहू कृष्णकांत चौरासे रितिक चौहान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर अपनी नाराजगी प्रकट की.